फिल्म “लापता लेडीज” 2023 की चर्चित फिल्मों में से एक बनकर उभरी है। भले ही यह फिल्म सिनेमाघरों में ज्यादा चर्चा में नहीं आई हो, लेकिन ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आते ही इसने दर्शकों के दिलों पर अपनी छाप छोड़ दी। हाल ही में यह फिल्म एक बार फिर फिल्म सुर्खियों में है, क्योंकि इसे ऑस्कर 2025 के लिए भारत की ओर से आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना गया है। इस बड़ी उपलब्धि से फिल्म के निर्माता आमिर खान और निर्देशक किरण राव बेहद उत्साहित हैं। 23 सितंबर को आमिर खान प्रोडक्शन्स की ओर से इस खबर की आधिकारिक पुष्टि की गई, जिससे साफ हो गया कि “लापता लेडीज” अब ऑस्कर की दौड़ में शामिल हो गई है। इस खबर के सामने आने के बाद आमिर खान ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए एक गर्व का पल है। उनकी इस खुशी का अंदाजा उनके सोशल मीडिया पोस्ट से भी लगाया जा सकता है।
किन वजहों से फिल्म का चयन हुआ
इस बारे में ऑस्कर जूरी सदस्य जानू बरुआ ने बताया कि “लापता लेडीज” भारतीय संस्कृति और समाज का एक सजीव चित्रण करती है। उन्होंने कहा कि ऑस्कर के लिए उस फिल्म का चयन बेहद जरूरी है, जो भारत की विशिष्टता और सामाजिक ताने-बाने को सही तरीके से दर्शाती हो, और “लापता लेडीज” इन सभी पैमानों पर खरी उतरती है।आमिर खान और किरण राव ने इस अवसर पर ऑडियंस, मीडिया और फिल्म समुदाय का धन्यवाद किया। आमिर खान प्रोडक्शन्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर FFI (फेडरेशन ऑफ फिल्म्स इंडिया) का आभार व्यक्त करते हुए एक नोट शेयर किया, जिसमें फिल्म को मिले प्यार और समर्थन के लिए सभी का शुक्रिया अदा किया गया। फिल्म की निर्देशक किरण राव ने भी अपने इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी टीम की मेहनत और समर्पण को इस उपलब्धि का श्रेय दिया। उन्होंने लिखा कि यह सम्मान उनकी पूरी टीम के प्रयासों का प्रमाण है, जिसने इस कहानी को जीवंत बनाया।
