दिल्ली में बारिश – मंगलवार की सुबह दिल्ली में झमाझम बारिश ने राजधानी के कई इलाकों में जलभराव कर दिया। सुबह 7 बजे के आसपास हुई तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया, जिससे कई वाहन फंस गए।मिंटो ब्रिज के नीचे से गुजरते समय ऑटो रिक्शा चालक मुनील महतो का ऑटो बारिश के बाद हुए जलभराव में आधा डूब गया। पानी की तेज धारा के चलते उनका ऑटो पुल के अंदर गहरे पानी की ओर बह गया।
महतो ने बताया कि बारिश के दौरान उनके ऑटो में सवारियाँ नहीं थीं।महतो ने कहा, “सुबह तेज बारिश के चलते मेरा ऑटो पुल के अंदर गहरे पानी में बह गया। ऑटो के सारे कागजात और मेरा पर्स भी ऑटो के अंदर ही फंसा हुआ है। दिल्ली में बारिश के पानी भरने की वजह से कागजात भीग गए हैं और ऑटो पूरी तरह से खराब हो गया है।”खबर लिखे जाने तक, ऑटो रिक्शा मिंटो ब्रिज के नीचे जलभराव में फंसा हुआ है और उसे निकालने की कोशिशें चल रही हैं।
स्थानीय प्रशासन को सूचित कर दिया गया है, लेकिन अभी तक रिक्शा को बाहर नहीं निकाला जा सका है।मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले एक हफ्ते तक एनसीआर में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक रह सकता है। तेज बारिश के कारण दिल्ली और नोएडा में जलभराव और लंबे जाम से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली में बारिश और नोएडा में जगह-जगह जलभराव के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। लोगों को घर से बाहर निकलने में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम की स्थितियों के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और जलभराव वाले इलाकों में त्वरित राहत कार्य शुरू कर दिए हैं।
-Pooja Mishra
