उद्धव ठाकरे और शरद पवार के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर दिलचस्प खींचतान, महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल
महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों एक नई हलचल देखी जा रही है। महाविकास आघाड़ी (MVA) के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर उद्धव ठाकरे और शरद पवार के बीच तकरार सामने आई है। शरद पवार ने हाल ही में उद्धव ठाकरे की मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पर ब्रेक लगाते हुए एक नई शर्त रखी है, जिससे महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मच गई है।शरद पवार ने उद्धव ठाकरे की मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर ब्रेक लगा दिया है, यह कहते हुए कि ठाकरे तभी मुख्यमंत्री पद के दावेदार हो सकते हैं जब उनके उम्मीदवार सबसे ज्यादा सीटें जीतकर आएं।
पवार का यह फॉर्मूला उद्धव ठाकरे के लिए एक प्रकार का चैलेंज है और इससे स्पष्ट हो गया है कि मुख्यमंत्री पद को लेकर पवार के मन में कोई ढील नहीं है।उद्धव ठाकरे हाल ही में बेटे आदित्य ठाकरे के साथ दिल्ली आए थे, जहां उन्होंने इंडिया ब्लॉक के नेताओं से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से भी बातचीत की, लेकिन उन्हें मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में स्पष्ट समर्थन नहीं मिला।
ठाकरे ने मीडिया से कहा था कि यदि उनके सहयोगियों को लगता है कि उन्होंने अच्छा काम किया है, तो उन्हें पूछना चाहिए कि क्या वे उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।उद्धव ठाकरे ने सहयोगी दलों को यह चुनौती दी थी कि यदि उनके पास कोई बेहतर मुख्यमंत्री पद का चेहरा है, तो वे उसकी घोषणा करें। इस बयान को कुछ लोगों ने कटाक्ष और चैलेंज के रूप में लिया। संजय राउत ने इसे ठाकरे की दरियादिली के रूप में पेश किया, जबकि कांग्रेस के नाना पटोले ने खुद को सीएम बनने की इच्छा जाहिर की है और उद्धव ठाकरे से नाराजगी भी व्यक्त की है।शरद पवार का बयान यह संकेत करता है कि वह मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी भी जल्दबाजी के खिलाफ हैं और चुनावी परिणामों के आधार पर ही निर्णय लेने की सोच रखते हैं।
पवार का उद्देश्य एनसीपी के लिए मजबूत स्थिति बनाए रखना है, जिससे कांग्रेस पर दबाव बना रहे और पवार की पार्टी की स्थिति स्थिर रहे।राहुल गांधी कांग्रेस को एक मजबूत भूमिका में देखना चाहते हैं, जिससे पार्टी बीजेपी को चुनौती देने में सक्षम हो सके।
नाना पटोले की सीएम बनने की चाहत और कांग्रेस की रणनीति इस जटिल राजनीतिक समीकरण को और भी पेचीदा बना रही है।अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उद्धव ठाकरे शरद पवार के फॉर्मूले पर किस तरह प्रतिक्रिया देते हैं और महाराष्ट्र में आगामी चुनावों के लिए उनकी रणनीति क्या होगी। पवार का यह कदम ठाकरे की दावेदारी पर सवालिया निशान लगाता है, और यह महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरण स्थापित कर सकता है।
–Pooja Mishra
